डेराबस्सी अदालत में पेशी के दौरान भुप्पी राणा।
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। कुरुक्षेत्र जेल में बंद गैंगस्टर भुप्पी राणा को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में प्रोडक्शन वारंट पर लाकर डेराबस्सी अदालत में पेश किया गया। उसका तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया है। भुप्पी से विक्की मिंडूखेड़ा की हत्या के मामले में पूछताछ की जा सकती है।
भुप्पी राणा को अदालत में पेश करने से पहले अदालत परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात थी। तहसील सड़क पर जगह जगह पहरा था। इस सुरक्षा घेरे में किसी को जाने की इजाजत नहीं थी। मोहाली के डीएसपी गुरप्रीत सिंह बैंस ने बताया कि डेराबस्सी में चल रहे एक पुराने केस के सिलसिले में भुप्पी राणा को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है।
बंबीहा गुट और भुप्पी राणा गैंग मिलकर कर रहे वारदातें
पुलिस भले ही इनकार कर रही हो लेकिन सूत्रों का कहना है कि यूथ अकाली दल के नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मिंडुखेड़ा की हत्या के सिलसिले में भुप्पी राणा से पूछताछ की जाएगी। असल में विक्की मिंडूखेड़ा की हत्या की जिम्मेदारी दविंद्र बंबीहा गुट ने ली है। जबकि भुप्पी राणा व दविंद्र बंबीहा गुट मिलकर वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि विक्की की हत्या में भुप्पी गैंग के शूटरों की मदद ली गई है। रिमांड के दौरान पुलिस भुप्पी से शूटरों की लोकेशन और उनके नामों के बारे में पूछताछ करेगी। इसके अलावा पुलिस भुप्पी राणा से विक्की मिंडूखेड़ा के संबंधों की भी छानबीन की जाएगी।
संपत्ति के कोण से भी जांच
पुलिस संपत्ति के कोण से भी जांच कर रही है। विक्की व उसका भाई संपत्ति खरीदने बेचने का कारोबार करते थे। पुलिस पिछले दिनों हुए सौदों की जांच में जुटी है। पता लगा रही है कि इस दौरान कोई विवादित सौदा तो नहीं हुआ।
गायक मनकीरत औलख ने बताया विक्की को यारों का यार
मोहाली। यूथ अकाली नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की मिंड़ूखेड़ा की हत्या के बाद पंजाब के गैंगस्टर आमने-सामने आ गए हैं, वहीं पंजाबी गायक मनकीरत औलख ने विक्की को यारों का यार बताया है। औलख ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फोटो भी शेयर किया है, जिसमें वह विक्की के परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे थे। ब्यूरो