कुराली। युवा मोर्चा के प्रधान राणा भानू प्रताप की ओर से श्री अमृतसर साहिब में किसान और किसान संघर्ष पर की टिप्पणी के बाद रोष में आए किसानों ने अनाज मंडी स्थित भाजपा नेता की दुकान के आगे प्रदर्शन किया। इसके बाद बडाली रोड पर स्थित फ्लोर मिल के आगे प्रदर्शन किया।
परमिन्द्र सिंह चलाकी, दलजीत सिंह, रेशम सिंह बडाली, गुरमीत सिंह शांटू, रविन्द्र सिंह वजीदपुर, जगदेव सिंह मलोआ, सर्बजीत सिंह पपराली, रविन्द्र सिंह चैडीया, सतनाम सिंह, कुलविन्द्र सिंह पंजौला सहित अन्य ने कहा कि भाजपा के युवा मोर्चा के प्रधान राणा भानू प्रताप ने जो टिप्पणी मीडिया के माध्यम से किसानों और किसानी संघर्ष के बारे में की है। उसे सहन नहीं किया जाएगा।
किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा नेता किसानों के लिए भद्दी शब्दावली प्रयोग करने के साथ-साथ किसानों को कृषि बिलों से अनजान बता रहा है। उन्होंने उसे मीडिया के माध्यम से माफी मांगने की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने ऐसा नहीं किया तो किसान जत्थेबंदियां संघर्ष और तेज करेंगी। किसान नेताओं ने पुलिस से भी भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कारोबार का बायकाट करने की अपील
इस प्रदर्शन को लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके उपरांत गठित की गई 11 मेंबरी कमेटी ने भानू प्रताप की आढ़त और फ्लोर मिल सहित प्रत्येक कारोबार का बायकाट करने की अपील की जबकि भाजपा नेेता और प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम देते हुए संघर्ष को तेज करने की घोषणा की। इस संबंधी भाजपा नेता भानू प्रताप ने फोन नहीं उठाया जबकि भानू प्रताप के पिता राणा हरमेश कुमार ने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से संबंधित हैं और किसानों के पक्ष में रहे हैं।