मोहाली। करीब 20 महीनों से बंद पड़ी शहर की सेकेंड लाइफ लाइन यानी कि बावा व्हाइट हाउस - बलौंगी रोड अब कुंभड़ा तक बनकर तैयार हो गई है। वीरवार को मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने उक्त सड़क को आम जनता के लिए खोल दिया है। जबकि गांव कुंभड़ा से स्पाइस चौक तक की सड़क के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि मेयर ने कहा कि अगला हिस्सा भी जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उक्त सड़क के शुरू होने से इलाके की अंदरूनी सड़कों पर ट्रैफिक का बोझ कम होगा और सड़क हादसों में भी कमी आएगी। साथ ही लोगों को आवाजाही में आसानी हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक बाबा व्हाइट हाउस से बलौंगी तक जाने वाली सड़क शहर की प्रमुख सड़क है। यह एक तरफ लोगों को चंडीगढ़ - खरड़ हाईवे से जोड़ती है, तो दूसरी तरफ सीधे रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और चंडीगढ़ तक जाती है। दरअसल यहां पर नई सीवरेज लाइन बिछाने के लिए इस सड़क की खुदाई की गई थी। इस वजह से उक्त सड़क पर आवाजाही पूरी तरह से बंद पड़ी थी। इतना ही नहीं इस सड़क किनारे खुदाई के कारण कई बार लोग जान जोखिम में डालकर इस रोड से गुजरते थे और बहुत से हादसों का शिकार हो जाते थे। हालांकि मेयर जीती सिद्धू ने बताया कि इस सड़क को नए सिरे से बनाने के लिए 10 करोड़ रुपये को ठेका दिया गया था। लेकिन बरसात का मौसम आ जाने से सड़क का काम बीच में लटक गया था। लेकिन अब उम्मीद है कि मौसम सहीं होने के चलते विकास कार्य भी रफ्तार पकड़ेंगे। मेयर ने कहा कि मोहाली के लोग समय से प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर मोहाली नगर निगम को मजबूत बना रहे हैं। साथ ही उनका पैसा शहर के विकास पर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका फोकस यह है कि विकास कार्य की क्वालिटी से समझौता न हो। काम पूरी पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं। मोहाली के ठेकेदारों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी, नगर निगम के अधिकारी समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।
सड़कों के सौंदर्यीकरण का काम भी जोरों पर
जानकारी के मुताबिक नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसमें नगर निगम की ओर से कोई पैसा नहीं लगाया जा रहा है। केवल कंपनियों को विज्ञापन लगाने के लिए सड़के सौंप दी गई हैं और कंपनियां सड़कों को संवार रही हैं। उन पर रंग रोगन से लेकर लाइट का इंतजाम किया जा रहा है।