पंजाबी हास्य कलाकार एवं अदाकार जसविंदर भल्ला की मां को बंधक बनाकर घर में लूट का मामला सामने आया है। आरोपी लाखों रुपये की नकदी, गहने और प्वाइंट 32 बोर की रिवॉल्वर ले जाने में कामयाब रहे। आरोपी बाहर से नहीं आए थे, बल्कि घर के नौकर ने ही अपने तीन साथियों सहित वारदात को अंजाम दिया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे ने इस वारदात की पोल खोल दी। मटौर थाने की पुलिस ने घर के नौकर आर्यन निवासी नेपाल समेत चार लोगों के खिलाफ लूट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सारे आरोपी अभी तक फरार है। पुलिस का दावा है कि जल्दी ही सारे आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।
परिवार वालों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने दो हफ्ते पहले ही नया नौकर रखा था। पहला नौकर भी नेपाल का रहने वाला था। उसके कहने व विश्वास पर उन्होंने यह नौकर रखा था। एसएचओ नवीन पाल सिंह लहल ने बताया अभी तक नौकर की वेरिफिकेशन नहीं करवाई गई थी। वहीं, उन्होंने अन्य लोगों से भी नौकरों की वेरिफिकेशन करवाने की अपील की है।
हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दोस्त हैं। जैसे ही यह मामला सामने आया, पुलिस के सीनियर अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। सारी स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पूरे इलाके के कैमरों की रिकॉर्डिंग से लेकर इलाके के फोन का डंप लिया गया है ताकि आरोपियों की लोकेशन आदि मिल सके। दूसरी तरफ जसविंदर सिंह भल्ला ने मीडिया से बातचीत करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की पड़ताल की जा रही है। उन्हें विश्वास है कि जल्दी ही पुलिस केस को हल कर लेगी।