सीरत को कोर्ट में पेश न करने पर जेल सुपरिंटेंडेंट व जांच अधिकारी तलब
एकम हत्याकांड मामले की जिला अदालत में हुई सुनवाई
धमकियां मिलने के बाद मुख्य गवाह भी नहीं हो रहा है पेश
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
जिला अदालत में मंगलवार को एकम सिंह ढिल्लों हत्याकांड की सुनवाई हुई। इस मामले का मुख्य गवाह धमकियां मिलने के बाद इस बार भी गैर हाजिर रहा। जबकि मामले के मुख्य आरोपी सीरत ढिल्लों भी अदालत में पेश नहीं हुई। उसे लुधियाना जेल से लाकर अदालत में पेश किया जाना था, लेकिन पुलिस उसे लेकर नहीं आई। इसके बाद अदालत ने सीरत ढिल्लों के पेश न होने को गंभीरता से लेते हुए जेल सुपरिंटेंडेंट और केस के जांच अधिकारी को तलब किया। अब इस मामले की सुनवाई छह दिसंबर को होगी।
जिक्रयोग है कि 25 अक्तूबर को भी अदालत में केस की सुनवाई हुई थी। इस केस का मुख्य गवाह आटो चालक तुल बहादुर पेश नहीं हुआ था। अदालत ने तुल बहादुर के जमानती वारंट जारी कर दिए थे और उसे 21 नवंबर को अदालत में पेश होने को कहा गया था। वहीं, सूत्रों का कहना है कि उसकी गैरहाजिरी केस को प्रभावित कर सकती है। ऑटो चालक ने एसएसपी मोहाली को शिकायत दे रखी है, जिसमें उसने बताया था कि छह सितंबर को उसे दो अज्ञात लोगों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-33 में रास्ते में रोक कर सीरत ढिल्लों के खिलाफ अदालत में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उसके बाद वह अदालत से गैरहाजिर चल रहा है।
एकम सिंह ढिल्लों का शव 19 मार्च को पुलिस ने फेज-3बी1 स्थित बीएमडब्ल्यू कार की बैक सीट पर सूटकेस से बरामद किया था। इस संबंध में पुलिस को एक ऑटो वालों ने सूचित किया था। इसके बाद पुलिस ने एकम की पत्नी, उसके भाई और मांग पर केस दर्ज किया था।
ऑटो वाले से लेकर मोबाइल शॉप वाले तक सब गवाह
पुलिस द्वारा मामले में 55 गवाह बनाए गए हैं। इनमें ऑटो चालक तुल बहादुर भी शामिल हैं। जिसने फेज-3बी1 स्थित सीरत को 19 मार्च को कार की पिछली सीट पर सूटकेस में शव रखते देखा था। वहां पर सीरत का परिवार किराये पर रह रहा था। इसके अलावा सीरत की नौकरानी , गुरुद्वारा अंब साहिब के दो सेवादार भी गवाह बनाए गए हैं। उस मोबाइल शॉप के मालिक को भी गवाह बनाया गया है, जहां से सीरत ने मोबाइल फोन खरीदा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीरत की मां जसविंदर सिंह व भाई विनय प्रताप से पुलिस की स्पेशल टीम ने पूछताछ की थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें जाने दिया था। हालांकि आरोपी में उनका नाम भी शामिल था।