नशा मुक्ति केंद्र से 23 लोग फरार।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के मोहाली में नशे के आदी 23 लोगों के नशा मुक्ति केंद्र से फरार हो गए। सेक्टर-66 नशा मुक्ति केंद्र से भागे 23 नशेड़ियों को पुलिस ढूंढ रही है। हैरानी की बात है कि सभी लोग तीन दिन से फरार हैं। बावजूद इसके पुलिस किसी का सुराग नहीं लगा सकी है। इनमें से अधिकतर पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इन लोगों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं।
पुलिस के अनुसार बिजली कट लगने के बाद सभी लोग खिड़की तोड़कर फरार हो गए। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने नशा मुक्ति दवा केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। मामले के सभी जांच अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
केंद्र प्रभारी और उप चिकित्सा आयुक्त डॉ. परविंदर पाल कौर ने कोई टिप्पणी देने से इंकार किया है। पिछले दिनों अपने दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने राज्य सभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह के साथ सेक्टर-66 सेंटर को अपग्रेड किया था। इस सेंटर का नाम बदलकर नशा मुक्ति दवाई केंद्र रखा गया था।