केजे सिंह हत्याकांड की हुई सुनवाई, बेटे से मिलने पहुंची मां
कड़ी सुरक्षा में आरोपी को अदालत में किया गया पेश
अदालत ने पुलिस को जल्द चालान पेश करने के लिए कहा
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
वरिष्ठ पत्रकार केजे सिंह और उनकी बुजुर्ग मां की हत्या के मामले की जिला अदालत में वीरवार को सुनवाई हुई। इस दौरान नाभा जेल से आरोपी गौरव को लाया गया। पेशी के दौरान अदालत ने पुलिस को केस का चालान जल्द और मजबूत तरीके से पेश करने को कहा। मामले की अगली सुनवाई तीस नवंबर को होगी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी गौरव को कड़ी सुरक्षा में नाभा जेल से लाया गया, इसके बाद उसे कोर्ट में पुलिस ने पेश किया। आरोपी के परिजन भी यूपी से पहुंचे थे। इस दौरान आरोपी की मां, भाई और जीजा आए थे। आरोपी के परिवार वालों ने बताया कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि उनके बेटे ने किसी की हत्या की हो। उन्होंने बताया कि गौरव से जब वह मिले तो उसने कहा कि उसने किसी की हत्या नहीं की है। उसे केस में झूठा फंसाया गया है।
आरोपी की मां ने कहा कि जब से उनके बेटे का नाम इस मामले में आया है। उस दिन से परिवार वाले परेशानी में हैं। उन्होंने बताया कि गौरव के पिता की तबीयत उस दिन से ही खराब है। गौरव की मां ने बताया कि उन्होंने तो लाखों रुपये खर्च कर अपने बेटे को विदेश भेजा था। उन्हें उम्मीद थी कि बेटा विदेश जाकर बढ़िया तरीके से सेटल होगा। लेकिन इस तरह मामले में फंस जाने से उनकी सारी उम्मीदें धूमिल हो गई हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा खुद को बेकसूर बता रहा है। उसका कहना है कि उसे पुलिस ने कार समेत नहीं दबोचा था। बल्कि वह सोहाना से अपने साथी सहित आ रहा था। परिवार वालों का कहना है कि वह बेटे को इस तरह जेल में नहीं देखना चाहते हैं। जिक्रयोग है कि इससे पहले आरोपी गौरव के पिता भी कह चुके हैं कि वह इस मामले में इंसाफ के लिए यूपी के सीएम से गुहार लगाएंगे।