कनाडा के नाम पर खर्चे लाखों, एजेंट के धोखे से पहुंच गए जेल
ठगी का शिकार हुए लोग जिला योजना कमेटी की पूर्व चेयरपर्सन से मिले
पीड़ितों का आरोप पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई, आरोपी जान से मारने की दे रहा है धमकियां
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
कनाडा भेजने के नाम पर एक इमिग्रेशन कंपनी द्वारा 27 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए लोगों ने सहायता के लिए जिला योजना कमेटी मोहाली की पूर्व चेयरपर्सन व एक समाजसेवी संस्था की संचालक अमनजोत कौर रामूवालिया से गुहार लगाई है। ठगी की शिकार हुई कुलवंत कौर ने बताया कि वर्ष 2015 में कनाडा जाने की योजना बनाई थी। जिला होशियारपुर के गांव भूलपुर के रहने वाले एजेंट ने उसे व उसके बेटे जगरूप सिंह को कनाडा भेजने का भरोसा देकर 27 लाख ले लिए। साथ ही उन्हें फर्जी दस्तावेज देकर मुंबई भेज दिया। जब वह एयरपोर्ट पर पहुंचे तो वहां मौजूद संबधित अधिकारी ने उनका वीजा चेक किया। उस समय उन्हें पता चला कि वह फर्जी था। जिसके बाद उन दोनों को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। केस दर्ज करने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। 10 दिन की जेल काट कर वह बाहर आए हैं। अभी भी उनका केस मुंबई कोर्ट में चल रहा है। वह जमानत पर बाहर आए हैं।
कुलवंत कौर ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने एजेंट के खिलाफ शिकायत दी थी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, अमनजोत कौर रामूवालिया ने कहा कि कुलवंत व जगरूप सिंह के साथ हुई ठगी में हमारी संस्था उनकी पूरी मदद करेगी। वह जल्द ही पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर ठगी करने वाले एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने समूह पंजाबियों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे फर्जी एजेंटों से बचे।
अब वीडियो पर टिक्की उम्मीद
कुलवंत कौर ने कहा कि उसने जब एजेंट को कनाडा जाने के लिए 27 लाख दिए थे तो उन्होंने उसकी वीडियो बना ली थी। यह वीडियो उनके पास सबूत के तौर पर अब भी है। फिर भी पुलिस को शिकायत देने के बाद पुलिस को एजेंट के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। कुलवंत कौर ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई नहीं की जा रही है। दूसरी ओर एजेंट द्वारा उन्हें धमकियां दी जा रही हैं वह अपनी शिकायत वापस ले ले वरना उनके लिए अच्छा नहीं होगा। साथ ही उन्हें बेघर कर देंगे।