मोहाली। मुल्लांपुर से सटे गांव गूड़ा में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप था कि दहेज को लेकर उनकी बेटी की हत्या की गई है। मौके का मुआयना करने के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयानों पर पति समेत 3 लोगों पर आईपीसी की धारा 304बी के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान विवाहिता के पति लखविंदर सिंह, नेहा नामक महिला के रूप में हुई, जबकि एक अज्ञात आरोपी है। शव का खरड़ में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
कैंबाला निवासी विजय कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह पीजीआई में जॉब करते हैं। उसकी बहन सुषमा की शादी मुल्लांपुर के नजदीक गांव गूड़ा निवासी लखविंदर सिंह से करीब छह साल पहले हुई थी। उनका पांच साल का एक बेटा है। 29 अप्रैल को दिन में उसकी बहन ने उसकी मां को फोन कर कहा था कि ससुराल वाले व उसका पति उसे काफी परेशान करते हैं, उसके साथ मारपीट की जाती है। मां ने उसे समझाया कि हिम्मत रख, घरों में लड़ाई-झगड़े होते रहते है। वहीं, रात 8 बजे उन्हें पता चला कि उसकी बहन की मौत हो गई।
बहन के शरीर पर थे मारपीट के निशान
विजय कुमार ने बताया कि बहन की मौत की सूचना पाकर वह कुछ लोगों के साथ गांव गूड़ा पहुंचे। रात करीब दस बजे वह गांव पहुंचे तो वहां काफी संख्या में लोग खड़े थे, जबकि उसकी बहन का शव जमीन पर रखा हुआ था। उसने अपनी बहन के शव से कपड़ा हटाकर देखा तो उसकी गर्दन के दायीं तरफ कान के नीचे दो से ढाई फुट के जख्म का निशान था।
जीजा को ठहराया मौत के लिए जिम्मेदार
विजय ने बताया कि जब उन्होंने घरवालों से पूछताछ की तो उनका जवाब था कि सुषमा ने शाम को उस समय फंदा लगाया, जब घर पर कोई नहीं था। सारे गेहूं काटने के लिए गए हुए थे। विजय का कहना है कि हत्या के पीछे उसका जीजा ही जिम्मेदार है, क्योंकि वह इन दिनों बेरोजगार था, जबकि कुछ समय पहले ड्राइवरी करता था। वह अकसर उनकी बहन से मारपीट करता था।
महिला की फोटो दिखाकर करता था जलील
विजय ने पुलिस को दी शिकायत में लिखवाया है कि मृतका ने अपनी मां को बताया था कि आरोपी के नेहा नाम की एक महिला के साथ अवैध संबंध हैं। आरोपी अकसर सुषमा को उसकी फोटो दिखाकर जलील करता था, साथ ही सुषमा को कहकर पैसे की डिमांड करता था।