अवैध तरीके से चल रहे आठ स्टोन क्रशर सील
बिना किसी मंजूरी और लाइसेंस के चल रहे थे
अब तक गैर कानूनी माइनिंग संबंधी 133 एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। वीरवार को विभाग की टीम ने आठ स्टोन क्रशर सील कर दिए। ये क्रशर अवैध तरीके से चल रहे थे। इन क्रशर मालिकों के पास लाइसेंस भी नहीं थे। अतिरिक्त कमिश्नर चरनदेव मान ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, विभाग अवैध खनन को रोकने के लिए काफी सख्त है। उन्होंने बताया कि साल 2015 से लेकर अब तक अवैध खनन रोकने के लिए 133 एफआईआर दर्ज की गई है। जबकि जनवरी 2017 से लेकर अब तक दो थानों कुराली व मुल्लांपुर में 32 एफआईआर दर्ज की गई। एडीसी ने बताया कि सलेमपुर में जमीन मालिकों की तरफ से दी गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन की टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध खनन करने वालों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
29 लाख रुपये जुर्माने के वसूले
मान ने बताया कि माइनिंग अफसरों को हिदायत दी गई है कि जिले में गैर कानूनी खनन को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए 29 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग थानों में 69 पर्चों में एसएसपी को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है।