तेजरफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, होली खेलकर आ रहे तीन दोस्तों की मौत
सबहेड
एक ही बाइक पर सवार थे तीनों, किसी ने नहीं लगाया था हेलमेट, रेलिंग से सिर टकराने से दो की मौके पर ही मौत
प्वाइंटर
चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर रेलवे ओवरब्रिज पर हादसा, हेलमेट लगाया होता तो बच सकती थी जान
हादसे के बाद कार समेत चालक फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर होली के दिन एक भयानक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों दोस्त होली खेलने के बाद एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक तेजरफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दो दोस्तों का सिर ओवरब्रिज की रेलिंग से जा टकराया, जिससे उनकी मौके पर रही मौत हो गई। तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। अगर युवकों ने हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय रविंद्र पुत्र जोगा सिंह, 20 वर्षीय विशाल पुत्र जसविंदर सिंह दोनों निवासी गांव भांखरपुर और 27 वर्षीय मलकीत सिंह पुत्र भगवंत सिंह निवासी गांव मुबारिकपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कार का नंबर पुलिस ने पता कर लिया है। उधर, मृतक युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। तीनों ही युवकों की शादी नहीं हुई थी।
मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज कुलविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार को तीनों युवक बाद दोपहर होली खेलकर एक ही मोटरसाइकिल पर डेराबस्सी से गांव भांखरपुर जा रहे थे। जैसे ही तीनों रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो पीछे से आई एक तेजरफ्तार एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान दो युवकों का सिर सड़क किनारे रेलवे ओवरब्रिज की सीमेंट की रेलिंग के साथ टकराने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक को गंभीर हालत में डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर नंबर के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। तीनों ही मृतक दोस्त थे और गांव मुबारिकपुर में दो अलग-अलग दुकानों पर वेल्डिंग का काम करते थे। तीनों युवकों की मौत की खबर सुनकर गांव भांखरपुर व मुबारिकपुर में मातम छा गया।
फोटो कैप्शन
- एंबुलेंस में युवक के शव को ले जाते कर्मी।
- हादसे के दौरान सड़क पर गिरा मोटरसाइकिल।