मोहाली। नगर निगम ने फुटपॉथ और स्ट्रीट लाइट के नीचे पक्का अड्डा जमाकर अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों ने ऐसे रेहड़ी-फड़ी वालों के लाइसेंस रद्द करना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं इस संबंध में निगम की बैठक में प्रस्ताव लाने की भी तैयारी है। निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई करके इन्हें हटाया जाता है लेकिन नेताओं के चलते कुछ लोग बच जाते हैं। यह शहर की खूबसूरती को खराब कर रहे हैं।
इंक्रोचमेंट विंग के इंचार्ज-कम-सचिव रंजीव कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगने वाली रेहड़ी-फड़ी वालों को लाइसेंस जारी किए गए हैं। इस दौरान निर्देश दिए गए थे कि वे घूम-फिर कर सामान बेच सकते हैं। स्ट्रीट लाइट, पेड़ और फुटपॉथ पर पक्का अड्डा न जमाने के भी निर्देश दिए गए थे लेकिन फिर भी रेहड़ी फड़ी वालों ने मार्केट, रिहायशी क्षेत्र के अलावा फुटपॉथ पर पक्के अड्डे जमा लिए हैं। फेज-11 स्थित मार्केट के फुटपाथ पर एक व्यक्ति ने कपड़े की चादर लगाकर चाय की दुकान खोल ली। इसी तरह, फेज-7 स्थित मार्केट में पेड़ के नीचे ढाबा खोल लिया। फेज-4 व 5 की मार्केट की स्ट्रीट लाइट के नीचे लोहे का शेड रखकर तंबाकू आदि का सामान बेचा जा रहा है। सबसे ज्यादा कब्जे फेज-7 से लेकर फेज-3बी1 के मार्केट में हैं जिनकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रंजीव कुमार ने बताया कि निगम कमिश्नर के निर्देश पर ऐसे रेहड़ी-फड़ी वालों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही प्रस्ताव हाउस की बैठक में पेश किया जाएगा।