मोहाली/ खरड़। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शुक्रवार को अपने गृह शहर खरड़ में रहेंगे। इस दौरान वह लोगों को कई सौगाते एक साथ देंगे। इतना ही नहीं वह भगवान श्रीराम से संबंधित महाराज अज्ज सरोवर और घडुआं में पांडवों के समय की पांडुसर झील पर विकास से जुड़े प्रोजेेक्ट की शुरूआत करेंगे। सीएम के प्रोग्राम के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके अलावा प्रशासन के द्वारा संघर्ष पर चल रही यूनियनों पर भी नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सुबह साढ़े ग्यारह बजे नगर काउंसिल दफ्तर पहुंचेंगे। जहां पर वह नगर काउंसिल के पार्षदों से मीटिंग करेंगे। इस दौरान काउंसिल की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा। क्योंकि सीएम ने अपना राजनीतिक करियर पार्षद के रूप में ही शुरू किया था। इसके बाद वह म्यूनिसिपल पार्क खरड़ जाएंगे, जहां पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और कजौली वाटर वर्क्स से जुड़े प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखेंगे। इसके बाद महाराजा अज्ज सरोवर में विकास कार्य के प्रोजेक्ट की शुरूआत करेंगे। इसके अलावा रंधावा रोड में गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का नींव पत्थर रखेंगे। इसके बाद घडुआं पहुंचकर पांडवों के समय की झील से जुड़े प्रोजेक्ट का आगाज करेंगे। संवाद