मोहाली। जिले में पालतू जानवर रखने वाले लोग समय-समय पर उनके स्वास्थ्य की जांच करवाते रहें। पालतू जानवरों की देखरेख में लापरवाही करने और उनके स्वास्थ्य की जांच न करने पर उनमें रैबीज पनपने के कारण व्यक्तियों में भी बीमारी फेल सकती है। जिससे व्यक्ति की जान भी जा सकती है। यह कहना है जिला की सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर का।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को सेहत विभाग की ओर से एंटी रैबीज डे मनाया गया। इसमें लोगों को पालतू जानवरों से होने वाली बीमारी के बारे में जानकारी दी गई। यह दिन फ्रांसीसी बायोलॉजिस्ट लुईस पास्टर की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने दुनिया में सबसे पहले जानवरों में पाई जाने वाली बीमारी रैबीज के खात्मे को लेकर वेक्सीन की खोज की थी। यह बीमारी कुत्ते, बिल्ली, बंदर आदि जानवरों के काटने से लोगों तक पहुंचती है और इसके बचाव के लिए सरकारी अस्पतालों में मुफ्त वैक्सीन लगाई जाती है। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि पालतू जानवर रखने वाले लोगों को हर तीन महीने बाद अपने जानवरों की और खुद की मेडिकल जांच करवानी चाहिए। ऐसा न करने पर उनकी जान को जोखिम तक हो सकता है। इस मौके पर एसएमओ डॉ जसकिरणदीप कौर, डॉ. अरुण बांसल, डॉ. अनुराधा, डॉ. सुबिन, हेल्थ इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह, प्रीतपाल सिंह आदि मौजूद थे।