काफी लंबे समय से कार्यालय के चक्कर लगा रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। पेंशन न मिलने से परेशान एक बुजुर्ग ने पुडा (पंजाब अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी) दफ्तर में जाकर जहर निगल लिया। इसके बाद मौजूद लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सतपाल (62) के रूप में हुई है। वह पुडा दफ्तर में पीयून की नौकरी करते थे और दो साल पहले रिटायर्ड हुए थे। रिटायर्ड होने के बाद उसकी पेंशन शुरू नहीं की गई, जिसके चलते वह काफी परेशान थे और लंबे समये से पुडा के चक्कर लगा रहे थे।
फेज-8 थाने के एसएचओ रुपिंदर सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि पुडा दफ्तर में एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया था। उन्होंने जब पुडा दफ्तर जाकर पूछताछ की तो कुछ कर्मचारियों ने बताया कि वह पहले वहीं काम करते थे और लंबे समय से पेंशन न मिलने पर परेशान चल रहे थे।
परिजनों ने कार्रवाई से किया इन्कार
एसएचओ ने बताया कि मृतक के परिजनों ने मामले में कार्रवाई से इन्कार कर दिया है। इसलिए धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए फेज-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया।
बॉक्स
पुडा के वॉशरूम से मिल चुका है पूर्व कर्मचारी का शव
पुडा में करीब एक महीने में दो ऐसे मामले सामने आ गए हैं। इससे पहले भी पुडा के वॉशरूम में एक पूर्व कर्मचारी का शव मिला था। जानकारी के मुताबिक वह कर्मचारी पुडा दफ्तर में किसी काम से आया था और वॉशरूम में गया तो वहां गिरकर उसकी मौत हो गई। किसी को इस बारे में कोई खबर नहीं थी और दफ्तर में दो दिन की छुट्टी भी थी। इस कारण परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी। पुलिस जांच में जब मृतक की लोकेशन पुडा दफ्तर की आई तो वहां जाकर जांच की गई और वहां से शव उठाया गया।