डेराबस्सी। पुलिस ने अवैध हथियारों सहित अंबाला कैंट निवासी एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया है। आरोपी की पहचान बिक्रम उर्फ विक्की कौशल निवासी अंबाला कैंट, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से .38 बोर की तीन पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। उससे पता लगाया जाएगा कि वह यह अवैध हथियार कहां से लाया था और इन्हें किसे सप्लाई देेने जा रहा था।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबाला कैंट निवासी बिक्रम उर्फ विक्की कौशल अपनी स्कार्पियो कार में अवैध हथियारों सहित किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहा है। इस सूचना के आधार पर मुबारिकपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज सहायक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर गांव भांखरपुर के नजदीक नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक स्कार्पियो कार को रोक कर उसकी तलाशी ली गई। कार से .38 बोर की दो पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसके पास से .38 बोर की एक और पिस्तौल बरामद हुई। उससे पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने यह हथियार बिना किसी लाइसेंस के रखे हुए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि है और उस की ओर से पहले भी कई वारदातों को अंजाम दिया गया है। उसके खिलाफ हरियाणा में पहले भी केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान ओर भी खुलासे होने की संभावना है।