जीरकपुर। विश्वास फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद, जीरकपुर की ओर से साझे तौर पर वीआईपी रोड पर स्थित हाई स्ट्रीट मार्केट के ब्लॉक-बी में रक्तदान शिविर लगाया गया। यह शिविर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी डिस्ट्रिक्ट ब्रांच मोहाली के सहयोग से सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगाया गया। ब्लड सेंटर वीआईपी रोड और एम केयर अस्पताल के की टीम ने डॉक्टर गौरव की अगुवाई में रक्त एकत्रित किया।
इस दौरान कोविड-19 के नियमों का खास ध्यान रखा गया और 52 रक्तदानियों ने रक्तदान किया। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास और भारत विकास परिषद जीरकपुर के जोनल प्रेसीडेंट बृज महाजन और निहारिका गर्ग ने बताया कि इस शिविर का उद्घाटन भारत विकास परिषद, जीरकपुर पंजाब पूर्व प्रधान सोमनाथ राणा और राज्य के उप प्रधान डॉ. सतीश कौशिक की ओर से किया गया। इस शिविर को सफल बनाने में रॉयल पाम हाई स्ट्रीट मार्केट के चैयरमैन पवन जैन ने सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि लोगों में यह गलत भ्रम है कि रक्तदान से शरीर में कमजोरी आती है। जबकि ऐसा नहीं है और सभी को 90 दिन में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। बृज महाजन ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि आज हमारी बेटियां भी रक्तदान करने में लड़कों से पीछे नहीं हैं और रक्तदान कर रही हैं। समय पर रक्त की उपलब्धता से किसी का अमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। इस मौके पर सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, बैज, मास्क, समृति चिन्ह और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाविप के जोनल सेक्रेटरी बरखा राम, डॉ. जे.सी. मनोचा, एडवोकेट विशाल गर्ग, गगन मेहता, चम्पा राणा, सुनीता डोगरा, प्रीति जैन, विजेता दीक्षित, मोनिका, रश्मी, पायल, हिमाक्षी, ईशान, मनमोहन, डॉ. गांधी, प्रेम जिंदल, अर्श अग्रवाल, नवीन सांगवान, सिमरन बेदी, सतीश बंसल व विश्वास फाउंडेशन से ऋषि शाश्वत विश्वास, संदीप परमार और ब्लड बैंक के डॉक्टर मौजूद रहे।