मोहाली। मकान बेचने के नाम पर 37 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना सोहाना की पुलिस ने इस मामले में पीड़ित रणदीप सिंह की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी फेज-1 और सरबजीत कौर निवासी खरड़ के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मामले में पीड़ित रणदीप सिंह ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया था कि वह सेक्टर-70 के रहने वाले हैं। उन्होंने उक्त आरोपियों के साथ एक मकान का सौदा 37 लाख रुपये में किया था। आरोपियों ने रणदीप सिंह को कहा था कि वह जल्द ही उसके मकान की रजिस्ट्री करवा देंगे और तुरंत मकान का कब्जा दे देंगे। ऐसे में वह उनकी बातों में आए गए और साथ ही उक्त सौदा कर लिया था। इतना नहीं उन्होंने इस मकान की बनती पूरी रकम का भुगतान कर दिया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके मकान की रजिस्ट्री नहीं करवाई। वह कई बार उन्हें रजिस्ट्री के लिए कहते रहे, लेकिन आरोपी हर बार टाल मटौल कर समय निकालते रहे। उनकी शिकायत के बाद इस मामले की पड़ताल डीसएपी स्पेशल ब्रांच और क्रिमिनल इंटेलीजेंस की तरफ से की गई। इसके बाद पुलिस ने डीए लीगल की राय पर मामले की पड़ताल की। इसके बाद इस संबंधी केस दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि कोरोना काल में यह अपनी तरह का नया मामला है। दूसरी और प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों को जिला पुलिस की ओर से हल करने के लिए स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। जो कि पहल के आधार पर लोगों की समस्याओं को हल करती हैं।