नयागांव। शहर में वीरवार सुबह बिजली विभाग अचानक हरकत में आया। जिसमें विभाग के कर्मचारियों की टीम ने घरों में छापेमारी कर ओवरलोडिंग एवं घरेलू बिजली मीटरों के व्यावसायिक इस्तेमाल के कारण चालान काटे। इस दौरान टीम ने कुल 12 चालान काटे। इस कार्रवाई पर गुस्साएं दुकानदारों ने इकट्ठे होकर मुख्य मार्ग पर रोष प्रदर्शन किया। साथ ही तय किया है कि शुक्रवार को सुबह 9 से 11 बजे तक पूरे बाजार को बंद रखेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो विभाग के दफ्तर का घेराव भी किया जाएगा।
एसडीओ के नेतृत्व में कर्मचारियों की 2-3 टीमें बाजार में पहुंचीं और दुकानों पर छापेमारी कर बिजली मीटरों की चेकिंग शुरू कर दी। विभाग ने ओवरलोडिंग एवं घरेलू मीटर के व्यावसायिक इस्तेमाल पर दुकानदारों के चालान काटे। इस मौके पर काफी दुकानदार इकट्ठे हो गए और इसका विरोध शुरू कर दिया। दुकानदारों बोले कि हम व्यावसायिक मीटर लेने को तैयार हैं, लेकिन विभाग की ओर से नहीं दिए जा रहे हैं। हमें मजबूरन घरेलू मीटर का ही इस्तेमाल करना पड़ता है। नगर परिषद से व्यावसायिक मीटर के लिए एनओसी नहीं दी जाती। जब विभाग व्यावसायिक मीटर नहीं दे रहा है, तो यह कार्रवाई बिलकुल गलत है।
मार्केट कमेटी के प्रधान तरुण शर्मा ने कहा कि कोरोना के दौर में दुकानदार पहले ही परेशान हैं और अब सरकार दुकानदारों को और ज्यादा परेशान कर रही है। इसकी सूचना पर पहुंचे इलाके के पार्षद कुलबीर बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार दुकानदारों के साथ धक्केशाही कर रही है।
क्या कहते हैं अधिकारी
बिना एनओसी नहीं लगते व्यावसायिक कनेक्शन
बिजली विभाग ने यह सामान्य कार्रवाई की है। इलाके में चंडीगढ़ पेरीफेरी एक्ट लागू है, जिस कारण नगर परिषद की एनओसी के बिना किसी को भी व्यावसायिक कनेक्शन नहीं दे सकते। अगर कोई एनओसी सहित विभाग में व्यावसायिक बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन देगा तो विभाग उसको व्यावसायिक कनेक्शन देगा। घरेलू कनेक्शन से कोई बिजली का व्यावसायिक इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों इलाके के कई ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण खराब हो गए थे। जब तक ग्राहक सही लोड का मीटर नहीं लेगा, तब तक हम उचित लोड का अनुमान कैसे लगाएंगे। - जीएस संधू, एक्सईएन, बिजली विभाग।
एनओसी के लिए पास करवाएं प्रॉपर्टी का व्यावसायिक नक्शा
अगर किसी दुकानदार को व्यावसायिक बिजली मीटर के लिए एनओसी चाहिए तो इसके लिए पहले वह हमारे दफ्तर से अपनी व्यावसायिक प्रॉपर्टी का नक्शा पास कराए। जिसके लिए उसको व्यवसायिक नक्शे की फीस जमा करानी पड़ेगी। लेकिन इलाके में ज्यादातर दुकानदारों ने घरेलू नक्शे की फीस जमा कराकर नक्शे पास करा रखे हैं।
- जगजीत सिंह शाही, ईओ नगर परिषद नयागांव।