शहीद को अंतिम विदाई देता परिवार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शहीद की पत्नी मनदीप कौर ने अपने पति को आखिरी सलाम करने के बाद कहा कि उसको अपने पति पर गर्व है कि उसने अपनी जिंदगी अपने देश के ऊपर न्यौछावर कर दी है। उनके लिए मनदीप सिंह अभी भी जिंदा है और आगे भी जिंदा रहेंगे। उनके पति उनके लिए अमर हैं। अपने अटूट हौसले की मिसाल देते हुए शहीद की पत्नी मनदीप कौर ने बड़ी दृढ़ता से कहा कि उसके दो बेटे हैं। वह दोनों को भारतीय फौज में भेजेंगी। दोनों ही बेटे अपने पिता शहीद मनदीप सिंह की तरह देश की रक्षा करेंगे।
उन्होंने कहा कि अपने पति की शहादत पर उन्हें गर्व है। इसके साथ यह जरूर कहना चाहती हैं कि उसके लिए यह वह नुकसान है जिसकी भरपाई कभी नहीं होगी। शहीद नायक मनदीप सिंह की पत्नी मनदीप कौर ने कहा कि मेरे पति अभी भी मेरे लिए जिंदा है। मेरे दोनों बेटे मेरी ताकत बनेंगे और उन्हें मैं फौज में भेजकर अपने शहीद की पति के सपनों को साकार करूंगी। उन्होंने कहा कि मुझे अपने पति की शहादत पर मान है। जिसने देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देकर अपना सैन्य धर्म निभाया।
यह भी पढ़ें: ड्रग कारोबार मामला: हाईकोर्ट ने दिए पूरे मामले का सार तैयार करने के आदेश, सभी मुद्दों पर अलग-अलग होगी सुनवाई
मां ने कहा- मुझे एक शहीद की मां का दर्जा दे गया
शहीद नायक मनदीप सिंह की मां मनजीत कौर ने नम आंखों से कहा कि तीन साल पहले उनके पति का देहांत हो गया था। उस सदमे से वह अभी उभर नहीं पाई थी कि उसके जिगर का टुकड़ा वतन पर कुर्बान हो गया। उसने कहा कि बेटे के जाने का दुख तो बहुत है पर इस बात का गर्व भी है कि वो देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देकर मुझे एक शहीद की मां का दर्जा दे गया।
पाक को एक और सर्जिकल स्ट्राइक की जरुरत - कुंवर विक्की
शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविंदर सिंह विक्की ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से प्रायोजित आतंकवाद के कारण हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जितने सैनिक कश्मीर में अब तक शहीद हो चुके हैं, उतने तो 1965 और 1971 की जंग में भी नहीं हुए थे। इसलिए सरकार को चाहिए कि आतंकवाद का फन कुचलने के लिए कोई ठोस नीति बनाएं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर जब तक एक सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की जाती, तब तक इन शहीदों की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी।