संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। फिरोजपुर के बाॅर्डर एरिया से हेरोइन की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले एक आरोपी को थाना डिवीजन दो की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सिविल अस्पताल के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने पचास ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में थाना डिवीजन दो की पुलिस ने फिरोजपुर के जशन निवासी मोहल्ला फट्टेवाला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने सिविल अस्पताल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाहरी इलाकों से हेरोइन की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करता है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पचास ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशा करने का आदी है और नशापूर्ति के लिए ही पंजाब के अलग-अलग इलाकों में हेरोइन सप्लाई करने जाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके पिछले रिकाॅर्ड का पता लगाने में जुटी है।