लुधियाना। सिनेमा हाल में चलने वाली नई फिल्मों को मोबाइल पर रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर बेचने के मामले में पुलिस ने तीन युवाओं को धर दबोचा है। इसमें एक युवक जीएनई कालेज में बीटेक का छात्र है, जबकि दो अन्य उसके दोस्त हैं। आठ अक्टूबर को तीन आरोपी पंजाबी फिल्म मूसा जट्ट को मोबाइल पर रिकार्ड कर रहे थे। इस दौरान मैनेजर में उन्हें काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।
डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी सहित कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को शनिवार अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ओमेक्स प्लाजा में वीटूवी मैनेजर विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें कई दिन से शिकायत मिल रही थी कि उनके यहां लगने वाली फिल्मों को मोबाइल पर रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर बेचा जा रहा है। बेचने वाले आरोपी उसे असली कॉपी कहकर बेच रहे थे। इस आधार पर उन्होंने अपने सिनेमा हाल में नजर रखनी शुरू कर दी। आठ अक्टूबर को सुबह 10:15 बजे पंजाबी फिल्म मूसा जट्ट चल रही थी। उनका स्टाफ सिनेमा हाल पर पैनी नजर रखे था। सीट नंबर 16, 17 और 18 पर तीन युवा बैठे हुए थे।
इनमें 17 नंबर सीट पर बैठा युवक अपने मोबाइल पर फिल्म को रिकार्ड कर रहा था। उन्होंने तीनों युवकों को काबू कर पुलिस को सूचित किया। आरोपियों की पहचान रवि कुमार और रणवीर सिंह के तौर पर हुई है, जबकि इनका एक साथी नाबालिग है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी रणवीर सिंह लुधियाना के एक कॉलेज में बीटेक का छात्र है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।