पंजाब में हो रहे पुलिस मुकाबलों पर बलकौर सिंह सिद्धू ने उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मानसा। दिवंगत युवा पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ने के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी को जवाब दे दिया है और कहा है कि कुछ लोग उन्हें प्रयोग करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को एक प्रोडक्ट के रूप में इस्तेमाल किया और अब उसका फायदा उठाना चाहते हैं। बलकौर सिंह सिद्धू ने कहा कि अगर उन्हें चुनाव लड़ना होगा तो किसी से पूछने की जरूरत नहीं है। वह सोमवार को गांव मूसा में पंजाबी गायक के प्रशंसकों को संबोधित कर रहे थे।
मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने राज्य में हो रहे पुलिस मुकाबलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में बड़े गैंगस्टरों की सेवा हो रही है, जबकि छोटे गैंगस्टरों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस और गैंगस्टर अभी भी एकजुट हैं और अभी तक रास्ते से भटके बच्चों पर पुलिस द्वारा किसी की जांघ और किसी के टखने में गोली मारी जाती है, जबकि असल मुकाबले अभी होने नहीं लगे हैं।
यहां दिलचस्प बात यह है कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कुछ समय पहले मीडिया में कहा था कि अगर मूसेवाला के पिता ने लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई तो पार्टी उनका सम्मान करते हुए पार्टी की ओर से उन्हें चुनाव लड़ाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक नेताओं से कहा कि यदि आप ने कहीं सांसद, विधायक का चुनाव लड़ना है तो लड़े, लेकिन मुझे मेरे हाल पर छोड़ दे। उन्होंने कहा कि उसका परिवार शुभदीप सिंह के जीवित समय भी प्रोडक्ट था और अब भी एक प्रोडक्ट है। उन्होंने कहा कि उन्हें सब पता है कि कौन उनका इस्तेमाल करना चाहता है।
मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू ने अपने भाषण के दौरान कहा कि पंजाब की जेल गैंगस्टरों का होस्टल बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर जेलों में मौज-मस्ती करते हैं, जेलों में पंजाबी गायक के हत्यारों के पास से चार बार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जेलों में लोगों के बच्चों का शिकार खेलने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और केंद्र सरकार के मूसेवाला को इंसाफ देने के के दरवाजे बंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई विधायक, कोई मंत्री, कोई मुख्यमंत्री नहीं बोल रहा है, यही हाल सांसद और केंद्रीय मंत्रियों का है. उन्होंने कहा कि पंजाब की गोइंदवाल जेल में गैंगस्टरों ने दो लोगों की हत्या कर दी है, लेकिन सरकार चुप है. उन्होंने कहा कि पंजाब में हो रही हत्याओं पर सभी राजनीतिक दल चुप हैं, हत्याओं के खिलाफ विधायकों, मंत्रियों पर कोई दबाव नहीं डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन हत्याओं से पंजाब की बदनामी हो रही है