शनिवार दोपहर शुरू हुई बारिश एक घंटे तक जारी रही। इससे शहर के प्रमुख स्थानों पर पानी भर गया। जिला प्रशासनिक अधिकारियों की कोठियां भी पानी से नहीं बच पाई। 68.8 एमएम हुई बारिश से एसएसपी, डीसी की रिहाइश और मिनी सचिवालय रोड पूरी तरह पानी से भर गया।
मौसम विभाग के अधिकारी सुरिंदर पाल ने बताया कि शनिवार को 68.8 एमएम हुई। शनिवार सुबह तापमान 27 डिग्री के पार दर्ज किया गया था लेकिन बारिश के बाद तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया । उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में और बारिश हो सकती है।
सिरकी बाजार, पावर हाउस, मिनी सचिवालय रोड, धोबीआणा रोड पर दो से तीन फुट तक बारिश का पानी इकट्ठा होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। निगम की ओर से बारिश के पानी से बचने के लिए किए गए प्रबंधों की मानसून की इस दूसरी बारिश ने पोल खोलकर रख दी है।
इसके अलावा शहर के सीवरेज व पानी के सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए त्रिवेणी कंपनी भी इस बारिश के आगे फेल दिखाई दी। मिनी सचिवालय रोड पर स्थित महिला पुलिस स्टेशन के पास बारिश के तीन फुट जमा हुए पानी से वहां पर खडे़ मोटर साइकिल और नगर निगम की ओर से रखा गया कूड़ादान भी बह गया।