करीब आठ बजे उसकी किसी बात पर पड़ोसियों के साथ काफी कहासुनी हो गई। आरोपियों ने रवि को पीट दिया। इसी दौरान किसी तरह रवि की सास बीच बचाव कर रवि को कमरे में ले आई। एक बार तो आसपास के लोगों ने बीच बचाव करा मामला शांत करवा दिया।
देर रात को इलाके में लाइट चली गई तो गर्मी होने की वजह से सभी कमरे के बाहर बैठे थे। इसी दौरान फिर से आरोपियों की रवि के साथ बहस हो गई। आरोपियों ने पास में पड़ी लोहे की रॉड और हथौड़े से रवि पर वार करने शुरू कर दिए।
रवि को पिटता देख नूरजहां एक बार फिर बीच बचाव करने चली गई। इसी दौरान आरोपियों ने नूरजहां को भी पीटना शुरू कर दिया और उस पर भी रॉड और हथौड़े से वार किया। दोनों को बुरी तरह से घायल कर दिया। दोनों को परिवार ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और इलाज के बाद वापस ले गए।
दोनों के अंदरूनी चोटें काफी आई हुई थीं। दो दिन तक किसी ने इस बारे में पुलिस को शिकायत भी नहीं की। मंगलवार सुबह अचानक दोनों की तबीयत खराब होने लगी तो परिवार रवि और उसकी सास नूरजहां को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
इसके बाद परिवार वाले शिकायत लेकर थाना सदर पहुंचे। पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए। थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह तीन दिन पुराना झगड़ा है।
दो दिन तक किसी ने पुलिस को शिकायत नहीं दी। दो दिन बाद दोनों की तबीयत खराब हुई और अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद पुलिस के सामने यह मामला आया है। जांच की जा रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है। फिलहाल पुलिस ने पड़ोसियों पर मामला दर्ज कर लिया है। बाकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।