फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Surinder Shinda: पंजाबी गायक सुरिंदर छिंदा का निधन, लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में ली अंतिम सांस

Wed, 26 Jul 2023 09:52 AM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)

सार

सुरिंदर छिंदा का कुछ समय पहले लुधियाना के एक निजी अस्पताल में छोटा सा ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद उनके शरीर में इंफेक्शन फैल गया था। छिंदा के निधन से पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी मौत की सूचना मिलते ही कई गण्यमान्य लोग डीएमसी अस्पताल पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।  
विज्ञापन
गायक सुरिंदर शिंदा - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाबी लोक गायक सुरिंदर छिंदा का बुधवार को निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। उन्होंने लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में आखिरी सांस ली। कुछ दिन पहले उनकी फूड पाइप का ऑपरेशन किया गया था। इसके बाद से उनके पेट में इन्फेक्शन बढ़ गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें डीएमसी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। परिवार में उनकी पत्नी जोगिंदर कौर, बेटे मनिंदर छिंदा व सिमरन छिंदा हैं।

विज्ञापन


उनके निधन से पंजाबी संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने संगीत कॅरियर में 165 से अधिक म्यूजिक एलबम देने वाले छिंदा ने दो दशक तक एक से बढ़कर एक हिट गीत दिए। उन्होंने फिल्मों में भी काम किया। बेटे मनिंदर ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को हो सकता है। सभी रिश्तेदारों को सूचित किया गया है, उनके पहुंचने में समय लगेगा। 

मनिंदर के भाई सिमरन इंग्लैंड गए हैं। वह जैसे ही वापस आएंगे, सुरिंदर छिंदा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पंजाब की पर्यटन व सांस्कृतिक मामलों की मंत्री अनमोल गगन मान ने छिंदा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
विज्ञापन



 

रख लै क्लीनर यारा गीत से छा गए थे सुरिंदर छिंदा

रख लै क्लीनर यारा के गीत से छाए पंजाबी लोक गायक सुरिंदर छिंदा के निधन से उनके चाहने वाले गमगीन हो गए हैं। 80 व 90 के दशक में छिंदा ने अपनी शानदार आवाज से लोगों के दिलों में राज किया। वहीं पंजाबी फिल्मों में शानदार एक्टिंग भी की। छिंदा के करीबी कहते हैं कि वे मिलनसार थे। उन्हें लोगों का खूब प्यार मिला। लुधियाना के गांव छोटी अयाली में जन्मे छिंदा चार साल की आयु में संगीत सीखने लगे थे। संगीत उन्हें विरासत में मिला। पिता बचन राम और माता विदेवती गायकी में थे। उस्ताद मिस्तारी बचन राम ने छिंदा को गायकी सिखाई तो उस्ताद जसवंत भामरा से भी संगीत के गुर सीखे।

छिंदा ने अपनी प्राथमिक शिक्षा हाता शेर जंग के सरकारी स्कूल से पूरी की लेकिन गायकी सीखते रहे। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद सुरिंदर छिंदा ने इंजीनियरिंग मैकेनिकल का कोर्स किया। लुधियाना में उन्हें नौकरी भी मिल गई। चूंकि वह गायक बनना चाहते थे। नौकरी में मन न लगने पर नौकरी छोड़ दी और प्रोफेशनल सिंगर बनने की ठान ली।
विज्ञापन

नौकरी छोड़कर निकाली थी कैसेट

नौकरी छोड़ने के बाद छिंदा ने कैसेट निकाला। इस बीच छिंदा का पहला गाना उच्चा बुर्ज लाहौर दा सामने आया। इस गीत से लोगों के बीच जगह बना ली। इसके बाद छिंदा रुके नहीं और गीतों की झड़ी लगा दी। सुरिंदर छिंदा ने 1979 में रख लै क्लीनर यारा गीत का एलबम निकाला। यह गीत हिट हो गया और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में जबरदस्त सफलता मिली।

गायकी के साथ-साथ फिल्मों में दिखाए अदाकारी के जौहर

छिंदा ने गायकी के साथ-साथ फिल्मों में जौहर दिखाए। कई हिट फिल्में कीं। इससे उनकी लोकप्रियता को और ऊंचाइयां मिलीं। पुत्त जट्टां दे, अंख जट्टां दी, ऊंचा दर बाबे नानक दा, बदला जट्टी दा, जट्ट जियोणा मौड़, पटोला समेत कई फिल्मों में काम किया। शानदार गायकी और अभिनय के लिए कई इनाम भी मिले। उन्हें पंजाब गौरव रतन पुरस्कार, पंजाब सरकार द्वारा शिरोमणि गायक पुरस्कार सहित विदेश में भी पुरस्कार मिले हैं।

घर पर शोक प्रकट करने पहुंचे दिग्गज

छिंदा के निधन के बाद उनके घर पर शोक संवेदना प्रकट करने वालों की भीड़ लग गई। गायक चमकीला के परिवार सदस्य, कुलदीप माणक के बेटे के अलावा संगीत के दुनिया के नामी लोग पहुंचे। इस बीच पर्यावरण मंत्री मीत हेयर ने उनके निधन पर शोक जताया है। हेयर ने कहा कि उनके जाने से पंजाबी गायकी को बहुत क्षति पहुंची हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें