बठिंडा। केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर द्वारा जेल में खींची फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में थाना कैंट पुलिस आरोपी गैंगस्टर सारज संधू को शनिवार दो दिवसीय पुलिस रिमांड पर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी। आरोपी को सोमवार को पुलिस रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने उसका मेडिकल करवाने के बाद वापस जेल भेज दिया।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर से पुलिस ने दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान गहराई से पूछताछ की है। इसमें आरोपी ने पुलिस के समक्ष उक्त फोटो के बाबत खुलासा भी किया है, लेकिन पुलिस का कोई भी अधिकारी आरोपी के खुलासे के बारे में कोई टिप्पणी नहीं कर रहा।
हालांकि सूत्रों ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर ने फरीदकोट एवं फिरोजपुर के अलावा अमृतसर जेल में बंद रहते हुए फोटो खींची थीं और उसको 19 मई को अपनी सोशल मीडिया फेसबुक साइट पर अपलोड किया था। उक्त फोटो का मामला सामने आने पर थाना कैंट पुलिस आरोपी को दो दिन के पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लेकर आई थी। इसके तहत आरोपी से पूछताछ की गई थी।
आरोपी गैंगस्टर पर हत्या के छह मामलों समेत दर्ज 15 आपराधिक केस
सूत्रों ने बताया कि 31 वर्षीय गैंगस्टर सारज संधू अमृतसर जिले से संबंधित है। इस पर हत्या करने, नशा तस्करी समेत हत्या करने के प्रयास तहत करीब 15 आपराधिक केस दर्ज हैं। आरोपी जब अमृतसर जेल में बंद था तो किसी कारण उसे केंद्रीय जेल बठिंडा में कुछ माह पहले शिफ्ट कर दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि आरोपी गैंगस्टर के कारनामों के कारण उसके माता-पिता की जमीन भी बिक चुकी है।
आरोपी का नाम जुड़ चुका मूसेवाला हत्या केस में
आरोपी गैंगस्टर सारज संधू का नाम भी पंजाबी गायक मूसेवाला की हत्या के साथ जुड़ चुका है। इसके तहत मानसा पुलिस भी आरोपी को उक्त मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई थी। सूत्रों से पता चला है कि मूसेवाला हत्या मामले में जिस मनप्रीत सिंह भाऊ की गिरफ्तारी हुई है, उसके साथ और गैंगस्टर रूपा एवं मनी के साथ सारज संधू की काफी नजदीकियां रही हैं। इसके चलते पुलिस आरोपी से सुराग हासिल करना चाहती थी।