लुधियाना। बाहरी इलाकों से चूरापोस्त लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले एक आरोपी को थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि दो महिलाओं सहित चार तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी को गांव जंडियाला के से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव पांगली निवासी राज कुमार के तौर पर हुई है। आरोपी से पूछताछ के बाद बलबीर सिंह, उसकी पत्नी सुक्खी उर्फ मातो, मौसी पीला और कमलजीत सिंह की तलाश में जुटी है।
एडीसीपी-4 रुपिंदर कौर सरां ने बताया कि फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गांव जंडियाला के पास नाकाबंदी कर रखी थी। गश्त के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी राज कुमार खेतो की तरफ भाग गया। पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी कार में से 66 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार किए आरोपी की निशानदेही पर गाड़ी के पास से ही चूरापोस्त की अन्य बोरियां बरामद हुईं। राज कुमार ने बताया कि यह चूरापोस्त उसके चाचा बलबीर सिंह और अन्य आरोपियों का है। आरोपी राज कुमार के अनुसार बलबीर और कमलजीत अपने साथ महिलाओं को ले जाते थे, ताकि रास्ते में पुलिस तंग न करे।