जगरांव। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा की गई सख्ती के कारण स्थानीय पुलिस प्रशासन भी हरकत में आता नजर आ रहा है। इस कारण जिला देहात पुलिस के अंतर्गत पड़ते थाना सिधवां बेट पुलिस द्वारा सतलुज दरिया से अवैध रूप से चोरी कर रेत ले जा रही 2 ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त कर लिया गया। एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक पुलिस की गिरफ्त में आ गया और दूसरा ट्रैक्टर ट्राली चालक पुलिस को देख रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली छोड़ मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मामले की जानकारी देते थाना सिधवां बेट पुलिस के एएसआई दलविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने साथी पुलिस कर्मचारियों सहित गश्त के दौरान गांव सदरपुरा के बस अड्डा चौक के पास मौजूद थे तो सूचना मिली के गांव महितपुर की तरफ टोल प्लाजा के पास सतलुज दरिया में से आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ अमबू निवासी गांव कालसा थाना सदर रायकोट और दूसरा आरोपी बलदेव सिंह निवासी गांव कोकरी कलां अपनी अपनी ट्रैक्टर ट्राली में अवैध खनन करके सतलुज दरिया से रेत चोरी करने का काम करते हैं और रविवार को भी दोनों आरोपी अपनी-अपनी ट्रैक्टर ट्राली में अवैध रूप से सतलुज दरिया से रेत भरकर आने की तैयारी में हैं।
उन्होंने बताया कि मिली सूचना के आधार पर मौके पर जाकर दबिश दी गई तो पुलिस ने अमृतपाल सिंह को रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली सहित काबू किया जबकि दूसरा आरोपी बलदेव सिंह पुलिस को देख रेत से भरी अपनी ट्रैक्टर ट्राली छोड़ मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिधवां बेट में पुलिस द्वारा माइनिंग एक्ट के अधीन मामला दर्ज कर लिया गया है और दूसरे आरोपी बलदेव सिंह को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।