बरनाला। बरनाला का एक दंपती फर्जी नियुक्ति पत्र पर सरकारी हाई स्कूल चंननवाल और सरकारी हाई स्कलू राजीया में नौकरी करता रहा। पता लगने पर जिला शिक्षा अधिकारी सर्वजीत सिंह तूर ने फर्जी नियुक्ति पत्र पर नौकरी करने वाले दोनों पति-पत्नी के खिलाफ थाना महिलकलां में मामला दर्ज करवाकर डिसमिस कर दिया है। डीईओ सर्वजीत सिंह तूर ने बताया कि महिला अरविंदर कौर ने शिक्षा विभाग का जाली फर्जी नियुक्ति पत्र पेश कर सरकारी हाई स्कूल चंननवाल में बतौर अध्यापिका की नौकरी शुरू की और कई माह सैलरी लेती रही। यही नहीं शिक्षा विभाग से मिलने वाले भत्ते व लाभ भी लेती रही। इसके अलावा अरविंदर कौर का पति सुखवीर सिंह भी फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर सरकारी हाई स्कूल राजीय में बतौर अध्यापक नौकरी करता रहा। वह भी सैलरी सहित शिक्षा विभाग से मिलने वाले अन्य लाभ लेता रहा। उन्होंने बताया कि पता लगने पर मामला दर्ज करवाकर दोनों को ड्यूटी से डिसमिस कर दिया है। थाना महिलकलां के प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
शिक्षा विभाग पर उठी अंगुली
फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर दंपती बतौर अध्यापक सरकारी स्कूलों में नौकरी कर गए। वह सैलरी व शिक्षा विभाग से मिलने वाले अन्य लाभ भी लेते रहे। अब शिक्षा विभाग पर अंगुली उठ रही है कि जब उनके पास फर्जी नियुक्ति पत्र थे तो फिर सैलरी कहां से आती रही। उनके अन्य भत्ते व लाभ कैसे मिलते रहे। जबकि डीईओ सर्वजीत सिंह तूर ने कहा कि वह डीपीआई से फर्जी नियुक्ति पत्र ले आए थे, जिन्हें ज्वाइन करवा लिया गया था, इन्होंने कोर्ट के आदेश भी बना लिए थे, बाकी मामला जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।