लुधियाना में चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के सामने पार्क में गुरुवार देर शाम विवाहिता के सीने में व्यक्ति ने तेजधार हथियार से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। जब तक विवाहिता के साथ आया उसका पति कुछ कर पाता आरोपी ताबड़तोड़ वार करता रहा और उसे मौत के घाट उतार कर फरार होने में कामयाब हो गया। इस हमले में घायल हुए छोटी मुंडियां इलाके में रहने वाली सरबजीत कौर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में सरबजीत कौर के पति अवतार सिंह की शिकायत पर गांव ढींढसा निवासी जतिंदर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
मूल रुप से गांव उच्ची मंगली के रहने वाले अवतार सिंह के मुताबिक उसके खिलाफ फरवरी महीने में खन्ना के थाना सदर में एक अपराधिक मामला दर्ज हुआ था। उसकी पत्नी सरबजीत कौर ने उसकी जमानत कराने के कोशिश में थी तो उसके पास पैसे नहीं थे। आरोपी के साथ जान पहचान थी तो आरोपी से उसकी पत्नी ने पैसे उधार ले लिए। मार्च महीने में उसकी जमानत हो गई और वह जेल से बाहर आ गया। आरोपी उसकी पत्नी पर गंदी नजर रखने लगा और दबाव बनाने लगा कि वह उससे शादी करे। जब सरबजीत कौर ने खुद को शादीशुदा बताया और कहा कि उसका पति साथ रहता है वह शादी नहीं कर सकती तो आरोपी उसे परेशान करने लगा। आरोपी लगातार दबाव बनाता रहा कि वह उससे किसी तरह से शादी करे।
इसी बात को लेकर आरोपी के साथ दंपति का विवाद था। गुरुवार की देर शाम को आरोपी के साथ बात करने के लिए अवतार और उसकी पत्नी सरबजीत कौर को साथ ले गया। आरोपी उसकी पत्नी के साथ अकेले में साइड पर लेजा कर बात करने लगा। इसी दौरान दोनों में क्या बात हुई कि आरोपी ने एक दम से तेजधार हथियार निकाला और ताबड़तोड़ वार करने शुरु कर दिए। आरोपी ने सरबजीत कौर के सीने में तेजधार हथियार से हमला किया और फरार हो गया। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। थाना फोकल प्वाइँट के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि वारदात के बाद से ही आरोपी का पता लगाने में पुलिस टीमें लगी हुई थी। आरोपी फरार होने की फिराक में था तो आरोपी को इलाके में ही गिरफ्तार कर लिया गया है।