लुधियाना में दुगरी के हिम्मत सिंह नगर इलाके में एक युवक ने दिन दहाड़े स्पा सेंटर के बाहर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले उससे झगड़ा किया और झगड़ते हुए बाहर मेन गेट के पास तेजधार हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वहां मौजूद लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतका की पहचान अकविंदर कौर के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना दुगरी के एसएचओ सब इंस्पेक्टर नरपिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच के बाद अकविंदर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि पुलिस ने उसकी हत्या करने वाले आरोपी सिमरनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
अकविंदर सिंह दो बच्चों की मां है और उसका अपने पति से तलाक हो चुका था। वह पिछले काफी समय से आरोपी सिमरनजीत सिंह जो मालेरकोटला इलाके का रहने वाला के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। दोनों में कुछ समय पहले विवाद हुआ था और थाना डेहलों पुलिस के पास मामला गया था। दो दिन पहले ही दोनों में समझौता हुआ था। अकविंदर कौर पिछले एक साल से इसी स्पा सेंटर में काम करती थी।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
दुगरी के एसएचओ एसआई नरपिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने इलाके से ही काबू कर लिया है। आरोपी से हथियार बरामद कर लिया है। आरोपी का दो दिन पहले किसी बात को लेकर समझौता हुआ था। इस बारे में अभी पता नहीं है। जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ की जाएगी और आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी।