भाई के साथ स्कूल जा रही छात्रा का वीडियो बना रहे एक युवक को जब छात्रा के पिता ने रोका तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ हमला कर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं बाद में उसे धमकी भी दी और आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल को पास के निजी अस्पताल दाखिल कराया। जहां से उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने के बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत पर सिमरन, काला और उसके अज्ञात दोस्तों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस के पास दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसकी बेटी अपने भाई के साथ स्कूल जाती थी। 27 नवंबर को भी वह अपने भाई के साथ स्कूल जा रही थी। इसी दौरान आरोपी सिमरन ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। उसने आरोपी को वीडियो बनाते देख लिया। उसने विरोध जताया तो आरोपी ने उसे धमकी दी। इसी बीच उनकी कहासुनी हो गई।
आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और पीड़िता के पिता को बुरी तरह से घायल कर दिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे पटियाला रेफर कर दिया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जांच अधिकारी एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।