राहगीरों से मोबाइल लूटने में दो गिरफ्तार
चोरी के दुपहिया वाहनों पर सवार होकर करते थे वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। चोरी के वाहन पर ही राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना कोतवाली की पुलिस ने घंटाघर चौक के पास गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से12 मोबाइल फोन, एक एक्टिवा, एक बाइक, चार स्कूटर बरामद किए है।
पुलिस ने इस मामले में ढंढारी कलां निवासी मुकेश कुमार और उसके साथी मुंडियां खुर्द निवासी परमजीत कालोनी निवासी भोला सचिन कुमार झां उर्फ सचिन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी मूल रुप से बिहार के जिला सिवहर के गांव करसारी के रहने वाले है। एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि थाना कोतवाली के एसएचओ अमनदीप सिंह गिल की अगवाई में पुलिस पार्टी ने घंटाघर चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी चोरी का बाइक बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान रोक लिया। पुलिस ने आरोपियों से कागजात की मांग की तो आरोपी कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। पूछताछ कर आरोपियों ने बताया कि यह बाइक चोरी की है और चोरी के बाइक पर ही वह लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते है। ॉपुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद उस पर जाली नंबर लगा लेते थे और उसी पर सवार हो हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट करते थे। आरोपियों ने इलाके से दस के करीब वाहन चोरी किए थे। तीन वाहन आरोपियों ने जाली कागजात तैयार कर सस्ते भाव में बेच दिए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि वह चोरी के बाइक कहां बेचते थे।