शादी समारोह में कांग्रेसी नेता ने किए हवाई फायर
दो घूंट पिला दे साथिया गीत पर हुई फायरिंग का वीडियो वायरल
मामला ध्यान में, अभी चल रही है जांच: एएसपी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। सोशल मीडिया पर जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव का एक वीडियो वायरल हुआ है। ये वीडियो किसी शादी समारोह में चल रही डीजे पार्टी का है। दो घूंट पिला दे साथिया गाने पर सफेद कुर्ते पायजामे में कांग्रेसी नेता आता है और अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर हवा में फायरिंग शुरू कर देता है। उसके साथ नाच रहे कुछ लोग उसे ऐसा न करने को कहते हैं। इसके बाद भी वह लास्ट फायर कर देता हैं। पुलिस अभी तक मामले की जांच में ही जुटी हुई है।
बताया जा रहा है जिस रात कांग्रेसी नेता ने पैलेस में हवाई फायरिंग की, उस दिन दो गुटों में झगड़ा भी हुआ था और झगड़े के कारण ये वीडियो लोगों की मोबाइल स्क्रीन तक पहुंच गया। बाद में दोनों में समझौता भी हो गया था। कांग्रेसी नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ लाली फरवरी में सरहिंद के वार्ड नंबर 10 का उपचुनाव जीतकर कांग्रेसी पार्षद बनें थे और वे बतौर जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव भी हैं। जैसे ही फायरिंग का वीडियो लोगों ने देखा तो लोगों ने इसे सत्ता के नशे में चूर होने की संज्ञा दी। लोगों का कहना है कि भले ही जिला प्रशासना मैरिज पैलेसों में शादी या किसी भी समारोह के दौरान हथियार साथ लेकर जाने पर पाबंदी लगाता है। इसके बाद बावजूद नेता ही सभी कानूनों को ताक पर रख रहे हैं।
नगर काउंसिल सरहिंद के प्रधान शेर सिंह ने कांग्रेसी पार्षद और मैरिज पैलेस प्रबंधकों पर कार्रवाई की मांग करते इसे बेहद शर्मनाक हरकत करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में हाई कोर्ट के सख्त आदेश है कि लाइसेंस तभी बनेगा जब असलहा धारक लिखित में देगा कि वह मैरिज पैलेस में हथियार नहीं लेकर जाएगा। भाजपा जिला महासचिव शशि भूषण गुप्ता का कहना था कि समाज का एक जिम्मेवार व्यक्ति की तरफ से ऐसा करना बहुत गलत है। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रकरण में एएसपी रवजोत कौर गरेवाल का कहना है कि ये मामला उनके ध्यान में है। जांच की जा रही है पुलिस पर कोई सियासी दबाव नहीं है। जांच पूरी होने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।