लुधियाना में लुटेरे इस कदर बेखौफ हैं कि बुधवार दोपहर थाना जमालपुर से चंद कदमों की दूरी पर एक किराना कारोबारी से गन प्वाइंट पर 80 हजार रुपये की नगदी लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। चार लुटेरे दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा से उनकी पहचान करने में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपियों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। शहर के जीवन नगर में किराना दुकान संचालक रिंकू गर्ग ने बताया कि वह बुधवार को किराने का सामान लेने के केसरगंज मंडी जा रहा था।
वह ब्रेल भवन के सामने पहुंचा तो पीछे से दो मोटरसाइकिल पर आए चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उसे पिस्तौल दिखाकर पैसे का बैग हवाले करने को कहा, मना करने पर आरोपी हाथापाई पर उतर आए और बैग लेकर फरार हो गए। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को पकड़ने के लिए कहा लेकिन आरोपी पिस्तौल दिखा वहां से फरार हो गए।