मोहाली से अगवा की बच्ची लुधियाना में बरामद
नशे की हालत में बच्ची को लेकर घूम रहा था आरोपी
पुलिस ने मोहाली पुलिस को सौंपा आरोपी, बच्ची परिजनों को
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। मोहाली की एरोसिटी से बहला फुसला कर बच्ची को अगवा कर फरार हुए आरोपी को थाना डुगरी की पुलिस ने इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अगवा की गई बच्ची को बरामद कर लिया है। इस मामले में मोहाली के थाना सोहाना में रुप नगर स्थित मोधादास कालोनी निवासी दिनेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज है। पुलिस ने मोहाली पुलिस को सूचना देकर बुलाया और आरोपी उनके हवाले कर दिया। जबकि बच्ची को उसके परिजनों को सकुशल भेज दिया है। मोहाली पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
थाना डुगरी के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरबचन सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शराब के नशे में धुत्त एक व्यक्ति पांच साल की बच्ची को लेकर घूम रहा है। वह आरोपी संदिग्ध लग रहा है। जिसके बाद पुलिस ने वहां पहुंच कर आरोपी को काबू कर लिया। पहले तो आरोपी ने कुछ भी नहीं बताया। जब पुलिस ने आरोपी की जेब से कागजात निकाले तो पता चला कि आरोपी का नाम दिनेश यादव है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एरोसिटी का एक कार्ड भी बरामद किया। जिस पर लिखे नंबर पर फोन किया तो वह ठेकेदार का था। जिसने बताया कि आरोपी उसके साथ ही कोठी में काम करता है और वीरवार आरोपी छुट्टी पर है। उसे कुछ नहीं पता कि आरोपी कहां गया है। जिसके बाद पुलिस ने मोहाली पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि आरोपी बच्ची को अगवा कर फरार हुआ है। जिसके बाद बच्ची के बारे में जानकारी हासिल की और पुलिस को यहां बुलाकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर गुरबचन सिंह ने बताया कि बच्ची को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।