स्टडी वीजा का झांसा दे ऐंठे पौने तीन लाख
चंडीगढ़ की एचसीएफसी इमीग्रेशन कंपनी ने की धोखाधड़ी, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। दंपति को स्टडी वीजा लगाने का झांसा देकर चंडीगढ़ स्थित सेक्टर 43डी की एक इमीग्रेशन कंपनी ने उनसे पौने तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। थाना डिविजन तीन की पुलिस ने पीड़ित के पिता मंजीत सिंह की शिकायत पर नेहा आनंद, अमरिंदर सिंह, संदीप कौर, गौरव भारद्वाज, और व्रिकम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिवाजी नगर के रहने वाले मनजीत सिंह ने बताया कि उसे अपने बेटे जसपिंदर सिंह और बहू जसदीप कौर स्टडी वीजा पर कनाडा भेजाना था। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित एचसीएफसी इमीग्रेशन कंपनी से संपर्क किया। कंपनी को नेहा, अमरिंदर, संदीप, गौरव और व्रिकम चलाते है। आरोपियों ने उसे अपने बातों में फंसा लिया और उसके बेटे-बहू को स्टडी वीजा दिलवाने के एवज में 2.74 लाख की मांग की। उसने आरोपियों को उक्त रकम दे दी। रुपये लेने के बाद आरोपी टाल-मटोल करने लगे। आरोपियों ने ना तो उन्हें वीजा दिलवाया और ना ही पैसे वापस किए। इसके बाद उन्होंने शिकायत पुलिस कमिश्नर को दी।
साइप्रस भेजने के नाम पर ठगे 5.60 लाख
इसी तरह एक ट्रेवल एजेंट ने व्यक्ति को साइप्रस भेजने के नाम पर उससे साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। थाना डुगरी की पुलिस ने राजस्थान के प्रदीप कुमार की शिकायत पर जतिनपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रदीप कुमार ने शिकायत में बताया कि वह राजस्थान के जिला नगौर के गांव निब्बी खुर्द का रहने वाला है। उसने इश्तिहार देख कर आरोपी जतिनपाल सिंह से संपर्क किया था। आरोपी ने उसे साइप्रस में नौकरी लगवाने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने उससे 5.60 लाख रुपये ले लिए और वीजा नहीं लगवाकर दिया। जब पैसे मांगे तो ट्रेवल एजेंट ने उसे धमकियां देनी शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया आरोप की तलाश की जा रही है।