अस्पताल में तोड़ा दम, दो दिन पहले की थी सुसाइड की कोशिश
पड़ोसियों के साथ हुआ था किसी बात को लेकर, उसके बाद लगाया था फंदा
पति के बयान पर पुलिस ने की 174 की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद हैबोवाल जस्सियां रोड स्थित प्रभु कालोनी की रहने वाली पूजा (27) ने दो दिन पहले अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पड़ोसियों द्वारा समय पर देखने के बाद उन्होंने दरवाजा तोड़ कर उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां दो दिन के इलाज के बाद बुधवार की सुबह पूजा ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूजा के पति रवि के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की है।
थाना हैबोवाल के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर परमदीप सिंह ने बताया कि पूजा का पति एक निजी फैक्टरी में काम करता है। उसका अपने पड़ोसी मकान मालिक के साथ किसी बात को लेकर मामूली झगड़ा हुआ था। इसी बीच पड़ोसी के घर किराए पर रहने वाले व्यक्ति के साथ भी कहासुनी हो गई। जिसके बाद पूजा का पति अपने काम पर चला गया। पीछे से पूजा ने कमरे में फंदा लगा आत्महत्या करने की कोशिश की। जब पड़ोसियों ने उसे देखा तो दरवाजा तोड़ कर बाहर निकाला और पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां बुधवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि रवि के आने के बाद पुलिस ने उसके ब्यान लिए, लेकिन रवि ने बताया कि पड़ोसियों के साथ मामला खत्म हो गया था और उसके जाने के बाद पत्नी ने ऐसा कदम उठाया है। पुलिस ने उसके ब्यान लेने के बाद कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जहां वीरवार की सुबह पूजा के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।