दुकान से नकदी और एलईडी चोरी
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दो युवक, पुलिस कर रही है जांच
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शिमलापुरी इलाके में चोर गिरोह के सदस्यों ने सरिया की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोर छत पर लगे गेट को तोड़ कर दुकान में दाखिल हुए और काउटर का गल्ला तोड़ कर नकदी चोरी कर फरार हो गए। आरोपी दुकान में लगी 32 इंच की एलईडी भी चुरा ले गए। घ्सूचना के बाद थाना शिमलापुरी के अधीन चौकी बसंत पार्क की पुलिस पहुंची। शिकायत लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुमित सिंगला ने बताया कि गुरमुख सिंह रोड़ पर उसकी डीपी सेल्स कारपोरेशन नाम से लोहे का काम है। शनिवार की रात को वह दुकान बंद कर दुगरी स्थित घर चले गए थे। जब वह रविवार की सुबह पहुंचे तो उसने देखा की दुकान के अंदर से 32 इंच की एलईडी गायब थी। काउंटर के दराज का लॉक टूटा था। दराज में 95 हजार 500 रुपये गायब थे। सुमित का कहना है कि उनकी शॉप में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। जब उन्होंने फुटेज चैक की तो पता चला कि चोरी करने आए लोग दो थे। आरोपी छत का गेट तोड़ कर दुकान के अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने फुटेज पुलिस के हवाले कर दी है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।