थाने के सामने दो क्लीनिक और एक फैक्टरी में चोरी
क्रासर
चंद कदम की दूरी तय करने में पुलिस को लगे दो घंटे
सलेम टाबरी थाने के सामने रोड पर एक रात में हुई तीन चोरियां
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। थाना सलेम टाबरी के बिल्कुल सामने रोड पर एक ही रात में चोरों ने तीन स्थानों पर धावा बोला। चोर डॉक्टर के दो क्लीनिक से कैश, नकदी और मोबाइल ले गए। साथ ही पास ही स्थित एक फैक्टरी से लैपटॉप और अन्य सामान चुरा लिया। हैरानी वाली बात यह है कि चंद कदम दूर घटनास्थल पर पहुंचने में थाना पुलिस को दो घंटे लग गए। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। चोरों की सारी हरकतें पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में नजर आया की चोर फैक्टरी के पास लगे पेड़ पर चढ़कर उसकी टहनी के सहारे फैक्टरी की छत पर चढ़ा और वारदात को अंजाम दिया। इससे ही अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर छत से होते हुए डॉक्टर के क्लीनिक तक भी पहुंचे और वहां पर भी वारदात की। फिलहाल फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना सलेम टाबरी के बिल्कुल सामने रोड पर जेम टैक्नोलॉजी नाम से फैक्टरी है। जहां रंग बनता है। फैक्टरी मालिक रमेश वर्मा ने बताया कि सुबह करीब 9.30 बजे वह जब फैक्टरी पहुंचा तो पता चला कि उसकी फैक्टरी में चोरी हो चुकी है। चोर ऑफिस के अंदर से एक लैपटॉप जोकि करीब 70 हजार की कीमत का था। इसके अलावा अन्य सामान चुराकर ले गए। वहीं, कुछ दूर डॉ. रूपिंदर कुमार की क्लीनिक है। डॉ. रूपिंदर ने बताया कि सुबह आकर पता चला कि क्लीनिक में चोरी हुई है। दराज का लॉक टूटा हुआ था। उसके दराज में 2 हजार के सिक्के पड़े थे। इसके अलावा टार्च और अन्य सामान भी गायब था। ऐसे ही तीसरे में डॉ. अमन गोयल ने बताया कि उसकी डॉ. रूपिंदर के पास ही अमन डेंटल क्लीनिक है। डॉ. अमन का कहना है कि सुबह जब वह क्लीनिक पर पहुंचा तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर उसके क्लीनिक से 25 हजार रुपये, 3 मोबाइल, एक टैब, हार्ड डिस्क, एक इंटरनेट डोंगल चुरा कर ले गए।