बलेरो का टायर फटा, दो की मौत, 5 घायल
संगरूर। बरनाला से पटियाला जा रही एक बलेरो गाड़ी का मंगलवार को टायर फट गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। इस दौरान दो व्यक्तियों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि पांच लोगों का पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
संगरूर सिविल अस्पताल में मौजूद बरनाला निवासी पार्षद विनोद कुमार ने बताया कि वह बरनाला से पटियाला के लिए बलेरो गाड़ी में जा रहे थे। गाड़ी में सवार व्यक्तियों की संख्या 22 थी। जब वह गांव उपली बाईपास के पास पहुंचे तो अचानक गाड़ी का टायर फट गया। जिससे गाड़ी में सवार सात व्यक्ति गंभीर घायल हो गए। जिन्हें तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटियाला के लिए रेफर कर दिया है। पटियाला जाते समय रवि और सोनी निवासी पत्ती रोड बरनाला की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि बाकी पांच लोगों राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि मरने वाले दोनों आदमी कबाड़ इकट्ठा करने का काम करते थे।