शहीद भगत सिंह नगर में कार सवार युवक ने दिया वारदात को अंजाम
अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पैदल जा रहे व्यक्ति से कार सवार युवक ने फोन करने के बहाने मोबाइल मांगा और लेकर फरार हो गया। जब तक व्यक्ति को पता चलता आरोपी फरार हो चुका था। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। इसके बाद थाना डुगरी की पुलिस ने दीवान नेगी की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
न्यू कुंदनपुरी के रहने वाले दीवान नेगी ने बताया कि वह काम से छुट्टी कर घर वापस आ रहा था। शहीद भगत सिंह नगर रोड पर एक कार चालक उसके आगे आकर रुका। आरोपी ने पहले उससे एक पता पूछा। उसने इतना कह दिया कि उसे पता मालूम नहीं है। इसके बाद आरोपी ने उससे फोन करने के लिए मोबाइल मांगा। जब उने मोबाइल दिया तो आरोपी ने कार भगा ली। जब तक दीवान नेगी कुछ कर पाता आरोपी फरार हो चुका था। उधर, जांच अधिकारी प्रदीप सिंह का कहना है कि अज्ञात कार चालक पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जहां वारदात हुई है वहां आसपास कैमरे चेक किए जा रहे हैं ताकि आरोपी की कार का नंबर पता चल सके।