दोनों भाइयों ने 15 दिन पहले शुरू किया था फास्ट फूड का काम
अमर उजाला ब्यूरो
हलवारा। सुधार बाजार में फास्ट फूड बेचने का काम करने वाले दो भाइयों से एक शातिर लुटेरा नाटकीय ढंग से 30 हजार लूटकर फरार हो गया। पीड़ित दोनों भाइयों ने थाना सदर सुधार पुलिस ने लूट की शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस लुटेरों को काबू करने के लिए आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार सुधार बाजार में चित्रकूट (यूपी) निवासी नान भाई और उसका भाई राम सागर फास्ट फूड बेचने का काम करते हैं। 15 दिन पहले ही उन्होंने यहां पर काम शुरू किया था। दोनों भाई बिट्टू कांप्लेक्स में किराये पर रहते हैं। रविवार सुबह मोटर साइकिल पर एक युवक उनके घर पहुंचा और राम सागर को कहा कि उनके यहां पर विवाह समागम में फास्ट फूड की स्टाल लगानी है वहां पर उसे कमाई होगी। अज्ञात आरोपी उसे घर दिखाने के लिए अपने साथ ले गया। गांव रत्तेवाल के पास शराब ठेके पर आरोपी ने राम सागर को यह कहते उतार दिया कि उसे किसी अन्य काम से जाना है। वह यहां पर इंतजार करे पीछे से एक कार आ रही है। वह उनके साथ जाकर घर देख सकता है। आरोपी राम सागर को वहां पर छोड़ दोबारा सुधार बाजार में उसके भाई नान के पास पहुंचा और कहा कि उसके भाई को अगवा कर लिया है। भाई की सलामती चाहते हो तो घर में जितने पैसे है उसके साथ लेकर चले। 30 हजार रुपये लेकर नान भाई अज्ञात आरोपी के साथ अपने भाई को छुड़ाने के लिए निकल गया। आरोपी उसे लेकर गांव अकालगढ़ की तरफ ले गया। वहां पर उसे जान से मारने की धमकी देकर 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित नान भाई किसी तरह वापस घर पहुंचा तो देखा कि उसका भाई राम सागर भी पहुंच गया।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर तिलकराज ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।