लुधियाना। जीटी रोड फ्लाईओवर पर हथियारबंद बाइक सवारों ने कार सवार दो लोगों को रोक लिया और साठ हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। कार सवारों ने किसी तरह से इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद जम्मू के गांव शेरपुर निवासी सलमान की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि सलमान ने पुलिस के पास दी शिकायत में बताया है कि वह वह ड्राइवर है। शुक्रवार रात वह अपने दोस्त रफाजत के साथ जम्मू से यूपी नंबर की अर्टिगा कार लेकर लुधियाना के लिए निकला। वहां की एक पार्टी से उसने 60 हजार रुपये की पेमेंट लुधियाना की फर्म को देने के लिए उठाई थी। उसी रात 1 बजे वह लोग लुधियाना पहुंचे। जब वो जीटी रोड स्थित फ्लाईओवर केबी टायर के सामने पहुंचे तो मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। उनमें से एक ने जबरदस्ती कार की चाबी निकाल ली और लोहे की राड कार के बोनट पर दे मारी। यही नहीं उन दोनों के साथ बुरी तरह मारपीट करने के बाद जेब से 60 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उन्होंने आरोपियों का पीछा करना चाहा, लेकिन आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना मोती नगर के एसएचओ सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि आरोपियों के बारे में अभी कोई सुराग नहीं मिला है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।