वीरवार को हनुमान चौक पर एकत्र आशा वर्कर प्रदेश के वित्त मंत्री बादल एवं सरकार के खिलाफ जाम लगाकर ?
- फोटो : BATHINDA
बठिंडा। आशा वर्कर्स व फैसलीटेटर यूनियन के नेतृत्व में वीरवार को सैकड़ों आशा वर्करों ने अपनी मांगों के लिए शहर में रोष मार्च कर वित्तमंत्री के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और आशा वर्करों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आशा वर्करों को रोकना चाहा तो वर्कर पुलिस से भिड़ गईं व काफी समय दोनों पक्षों में संघर्ष चलता रहा। बाद में आशा वर्कर बैरिकेड तोड़कर वित्तमंत्री कार्यालय के सामने पहुंचने में सफल हो गईं और वहां जोरदार प्रदर्शन किया।
पुलिस के साथ धक्कामुक्की के दौरान एक आशा वर्कर बेसुध होकर भी गिर गईं, जिसे तुरंत उसके साथियों ने प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाई। इससे पहले आशा वर्करों ने मिनी सचिवालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद में शहर में रोष मार्च किया। इस दौरान उन्होंने हनुमान चौक पर भी कुछ समय के लिए जाम किया। इस अवसर पर सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। बाद में वित्तमंत्री दफ्तर के समक्ष पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुलाजिमों ने वित्तमंत्री के प्रतिनिधि को मांगपत्र भी सौंपा।