गुरुवार को लुधियाना पहुंचे आप संयोजक अरविंद केजरीवाल एक बार फिर भगवंत मान को सीएम चेहरा बनाने के सवाल को टाल दिया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान उनके छोटे भाई हैं, उन्होंने पार्टी के लिए बहुत कुछ किया है लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले सीएम चेहरे का जल्द खुलासा होगा। जिस समय केजरीवाल ने यह जवाब दिया उस समय भगवंत मान उनके साथ बैठे थे। उनके इस जवाब के बाद भगवंत मान के चेहरे पर मायूसी साफ देखी जा सकती थी।
केजरीवाल से हर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यही सवाल दागा जाता है कि कौन होगा सीएम चेहरा, क्या भगवंत मान होंगे लेकिन केजरीवाल हर बार इस जवाब को टाल रहे हैं। इससे साफ है कि आगामी चुनाव में केजरीवाल किसी नए चेहरे की तलाश में हैं। राजनीतिक गलियारों में नवजोत सिद्धू के आप में शामिल होने की चर्चा पर केजरीवाल ने कहा कि यह एक काल्पनिक सवाल है।
वहीं पंजाब में नवनियुक्त सीएम चरनजीत सिंह चन्नी के एक आम आदमी की तरह लोगों के बीच जाकर शगुन देने से लेकर गरीब के घर में खाना खाने जैसे काम करने पर केजरीवाल का साफ कहना है कि सीएम चन्नी उनकी पार्टी की नकल कर रहे हैं लेकिन नकल करने के बाद उसे लागू भी करें। जब वह पहली बार सीएम बने थे तो उन्होंने महज 49 दिन के अंदर 32 भ्रष्ट अफसरों को जेल भेजा था।
चन्नी सरकार पर आरोप लग रहे हैं कि भ्रष्ट अफसरों को तैनात किया जा रहा है। चन्नी कैबिनेट में कई दागी मंत्री हैं और पार्टी में विधायक भी हैं, इसलिए चन्नी साहब नकल करने के साथ अमल करने का साहस भी लेकर आए। केजरीवाल ने सीएम चन्नी को सलाह दी है कि वह कैप्टन अमरिंदर सिंह की घर-घर रोजगार देने की योजना को पूरी तरह से लागू करें, क्योंकि अभी तक पंजाब सरकार इस पर कुछ नहीं कर सकी है। पंजाब के युवा आज भी पंजाब सरकार से नौकरी की मांग कर रहे हैं। जब तक वह नौकरी नहीं दे सकते तब तक बेरोजगार युवाओं को भत्ता दें।