पूर्व मंत्री की पत्नी ने लगाया आरोप : फोगिंग में भी पक्षपात कर रहे हैं आप नेता
पिछले छह महीनों से कई गलियों में नहीं हुई किसी तरह की फोगिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। नगर निगम चुनाव के लिए नई वार्डबंदी के बाद आम आदमी पार्टी की तरफ से संभावित उम्मीदवारों ने अपने अपने वार्डों में काम संभाल लिया है। महानगर में नगर निगम चुनाव का एलान किसी भी समय हो सकता है। मगर आप के नेता कहीं न कहीं पक्षपात भी कर रहे हैं। वार्ड नंबर साठ के संत ईशर सिंह नगर फ्लैट में अपने चहेतों के घरों में फोगिंग करवाने को लेकर पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी ने काफी हंगामा किया।
ममता आशु ने कहा कि आम आदमी पार्टी की तरफ से इस वार्ड में दावेदारी करने वाली आप की महिला नेता ने फोगिंग मशीन को ही अपने कब्जे में ले रखा था और अपने चहेतों के घरों में पिछले कई दिनों से फोगिंग करवा रही थी। उन्हें पता चलने पर वे वहां पहुंचीं।
उन्होंने फोगिंग करने में पक्षपात का आरोप लगाते हुए नगर निगम मुलाजिमों को भी घेर लिया और इसकी जानकारी नगर निगम के उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद उन्होंने जांच करवाने का आश्वासन दिया। ममता आशु ने निगम कमिश्नर संदीप ऋषि को सूचना दी, जिस पर उन्होंने चेक करवाने का आश्वासन दिया है।