लुधियाना। पंजाब से नशे का खात्मा करने का दावा कर सत्ता पर काबिज हुई पंजाब की कांग्रेस सरकार के राज में नाबालिग बच्चे तक हेरोइन तस्करी के धंधे में उतर आए हैं। ऐसा ही एक आरोपी थाना डेहलों की पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिसकी उम्र 18 साल से भी कम है और वह 12वीं कक्षा का छात्र है। वह अपने एक दोस्त के साथ मिल हेरोइन तस्करी का धंधा करता है। आरोपियों को उस समय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जब दोनों बाइक पर हेरोइन सप्लाई करने जा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने नाबालिग के साथ-साथ उसके दोस्त गुरपाल नगर निवासी अमृतपाल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से अमृतपाल सिंह को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग को ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है। पुलिस आरोपी अमृतपाल से पूछताछ करने में जुटी है।
जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमृतपाल सिंह कोई काम धंधा नहीं करता है। उसके पास काम धंधा नहीं था तो उसने हेरोइन तस्करी शुरू कर दी, जबकि गिरफ्तार किया गया नाबालिग 12वीं कक्षा का छात्र है। दोनों खुद नशा तो नहीं करते, लेकिन शार्टकट तरीके से पैसा कमाने के लिए हेरोइन तस्करी जरूर करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वे हेरोइन की खेप कहां से लाकर किन लोगों को सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। आरोपियों से बरामद मोटरसाइकिल की भी जांच की जा रही है।