फिरोजपुर। सीआईए स्टाफ ने सतलुज दरिया में बने सरकंडों के टापू से तीस हजार लीटर कच्ची दारू पकड़ी है। यहां से पुलिस को तिरपालें, ड्रम व अन्य सामग्री बरामद हुई है। आरोपी पुलिस को देख कर यहां से भगाने में कामयाब हो गए। उधर, थाना सदर पुलिस ने रविवार को चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक सीआईए के एएसआई नवतेज सिंह पुलिस पार्टी संग सीमांत गांव अलीके के नजदीक गश्त कर रहे थे। मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी गांव अलीके नजदीक चाकर वाला बेड़ा के पास दरिया में बने सरकंडों के टापू पर कच्ची दारू तैयार कर रहे हैं। ये लोग दारू तैयार कर बेचने का धंधा करते हैं। भारी मात्रा में दारू तैयार कर टापू पर रखी है, जिसे वे दरिया से बाहर लाने की फिराक में हैं। पुलिस ने वहां पर छापा मारकर तीस हजार लीटर कच्ची दारू पकड़ी है। आरोपियों ने तिरपालों में भर कर दारू दरिया के पानी के अंदर छिपाकर रखी थी। पुलिस को मौके से तिरपालें, लोहे के ड्रम व अन्य सामग्री बरामद हुई है।
थाना सदर पुलिस ने आरोपी गुरनाम सिंह, करतार सिंह, दारा व काला सिंह वासी गांव अलीके के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उक्त आरोपी फरार हैं।